तस्वीर में खेरवाड़ा की जली हुई फुटवियर दुकान का अंदरूनी हिस्सा और जले हुए सामान का ढेर नजर आ रहा है.

खेरवाड़ा कस्बे में जेपी स्टेशनर एवं जैन मिष्ठान भंडार के सामने संचालित विशाल फुटवियर की दुकान में गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच अचानक आग लग गई। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के समय दुकानदार और उसके परिवार का कोई सदस्य दुकान में मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

दुकान से धुआं उठता देख आसपास के व्यापारी और राहगीर तत्काल आग बुझाने में जुट गए। पड़ोस में रहने वाले मुकेश टाक ने अपने बोरिंग से पाइपलाइन लगाकर पानी की आपूर्ति की। सामने स्थित जैन मिष्ठान भंडार के सदस्यों ने भी पानी उपलब्ध कराने में सहयोग किया। कस्बेवासियों और व्यापारियों के सामूहिक प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग से दुकान के ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर रखे विभिन्न वैरायटी के जूते-चप्पल जलकर नष्ट हो गए। दुकान का फर्नीचर भी पूरी तरह जल गया। दुकान के अंदर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आने से काफी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

दुकान में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल के पेट्रोल टैंक तक आग पहुंचने की आशंका थी, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आसपास के लोगों का कहना है कि यदि आग पेट्रोल-डीजल के हिस्से तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद खेरवाड़ा कस्बे में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। कस्बेवासियों का कहना है कि खेरवाड़ा क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर दमकल वाहन उपलब्ध नहीं होने से आग पर तत्काल नियंत्रण पाने में परेशानी होती है। डूंगरपुर या उदयपुर से फायर ब्रिगेड पहुंचने तक कई बार आग से लाखों रुपए का नुकसान हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से खेरवाड़ा में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने की मांग की है।

Tags: