तस्वीर में खेरवाड़ा के श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में बड़े प्रतिक्रमण के आयोजन के दौरान बैठी जैन समाज की महिलाएं और साधर्मीजन नजर आ रहे हैं।   

खेरवाड़ा के सदर बाजार स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में पर्युषण पर्व के भाद्रपद शुक्ल बारस के अवसर पर बुधवार शाम बड़े प्रतिक्रमण का आयोजन हुआ। दिगंबर दशा हुमड़ जैन समाज के महिला-पुरुष साधर्मीजन बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए और धर्मलाभ लिया।

समाज अध्यक्ष सतीश पंचोली एवं मंत्री सौरभ शाह ने बताया कि बड़े प्रतिक्रमण का वाचन कन्हैयालाल शाह ने कराया। उन्होंने प्रतिक्रमण की विभिन्न क्रियाओं एवं उनके भावार्थ को समझाते हुए आत्मावलोकन, संयम, क्षमाभाव और धर्माचरण के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ प्रतिक्रमण में सहभागिता की।

प्रतिक्रमण के पश्चात भगवान शांतिनाथ के चारित्र का स्वाध्याय किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

इस अवसर पर वीरेंद्र वखारिया, बंशीलाल गांधी, रमेश पंचोली, नयना पंचोली, वर्षा पंचोली, कंचन पंचोली, शारदा पंचोली, उषा शाह, चंद्रा शाह, अंजु वखारिया, ममता वखारिया, सरोज पंचोली, कल्पना गांधी, विमला गांधी एवं सुशीला देवी पंचोली सहित बड़ी संख्या में साधर्मीजन उपस्थित रहे।

Tags: