तस्वीर में खेरवाड़ा के गणेश उत्सव पंडाल में भगवान गणेश की मूर्ति के समक्ष पारंपरिक परिधानों में गरबा नृत्य करती और हाथ जोड़े नजर आ रही बालिकाएं।   

खेरवाड़ा बस स्टैंड पर गणपति नवयुवक मंडल की ओर से आयोजित 18वें गणेश उत्सव के तहत बुधवार रात महा आरती के बाद गरबा रास का आयोजन किया गया। आचार्य कृष्ण चंद्र उपाध्याय के निर्देशन में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में गणेश भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महा आरती के पश्चात गरबा रास शुरू हुआ, जिसमें युवाओं के साथ महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान नन्हें बालकों के लिए नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।



आयोजन के दौरान गणपति नवयुवक मंडल की ओर से 151 किलो दूध की खीर का प्रसाद तैयार किया गया और श्रद्धालुओं में नि:शुल्क वितरित किया गया। खीर बनाने का कार्य आयोजकों ने शाम से ही पूरी लगन और मेहनत के साथ शुरू कर दिया था। विशाल मात्रा में तैयार की गई खीर को श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में ग्रहण कर धर्मलाभ लिया।

गरबा रास के दौरान गणेश उत्सव स्थल पर देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। आयोजन में सैकड़ों गणेश भक्त मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में गणपति नवयुवक मंडल के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

Tags: