तस्वीर में पुलिस वर्दी में राजस्थान पुलिस के कांस्टेबल बंसीलाल नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा के रोबिया छात्रावास के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे तेज गति और लापरवाही से चल रही कार ने सड़क पर जा रहे राजस्थान पुलिस के कांस्टेबल बंसीलाल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल की जिला अस्पताल डूंगरपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।

बलिचा निवासी बंसीलाल पुत्र रामाजी अहारी मीणा, हाल निवासी छात्रावास के पास छाणी, राजस्थान पुलिस में कोटड़ा उपाधीक्षक कार्यालय जाब्ते में कांस्टेबल पद पर कार्यरत थे। बुधवार शाम वह सड़क पर जा रहे थे, इसी दौरान अंबाजी की ओर जा रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। बताया गया कि कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।

हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल बंसीलाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल डूंगरपुर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर खेरवाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता सामने आई है। स्थानीय स्तर पर सरपंचों एवं पुलिस प्रशासन से भी अपील की गई है कि अंबाजी यात्रा पर जाने वाले यात्रियों, विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि इस प्रकार की दुखद दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Tags: