खेरवाड़ा के गोदावरी शिव मंदिर में जीर्णोद्धार कार्य के तहत 15वां शिलापूजन बुधवार को आयोजित होगा।

खेरवाड़ा के प्राचीन तीर्थस्थल गोदावरी शिव मंदिर में जीर्णोद्धार कार्य के तहत 15वां शिलापूजन बुधवार, 18 नवंबर को कार्तिक शुक्ल नवमी के शुभ अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में संत-महात्माओं का सानिध्य रहेगा। साथ ही 15 कुंडीय यज्ञ, हवन-पूजन और महाप्रसाद सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

गोदावरी मंदिर विकास समिति के मीडिया प्रभारी हसमुख पानेरी ने बताया कि कार्यक्रम आह्वान अखाड़ा के श्रीमहंत सोमगिरी महाराज एवं माकड़ा देव धाम उदयपुर के महंत ब्रह्मचारी गुरुजी गुलाब दास महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। इस अवसर पर आचार्य प्रभाशंकर त्रिवेदी एवं गणेशलाल व्यास के सानिध्य में 15 कुंडीय यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8 बजे यजमान सम्मान समारोह होगा। सुबह 9 बजे संतश्री का आशीर्वचन होगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे हवन-पूजन एवं शिलापूजन संपन्न होगा। दोपहर 12:30 बजे महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। मंदिर जीर्णोद्धार की पूर्ण राशि जमा कराने वाले यजमानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

महाप्रसाद की व्यवस्था महिला मंडल कलाल समाज पलासिया, महुदरा, कटेवड़ी एवं डबायचा की ओर से की जाएगी। वहीं, टेंट व्यवस्था हैप्पी टेंट हाउस छाणी तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल सेवा दैना आरओ वाटर खेरवाड़ा के सौजन्य से रहेगी।

कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पुजारी हंसगिरी महाराज के सानिध्य में अंतिम तैयारी बैठक आयोजित की गई। इसमें समिति संरक्षक प्रकाश कलाल, अध्यक्ष भरत कलाल, सचिव शंकर पंचाल, सहसचिव हरीश पानेरी, कोषाध्यक्ष बदामीलाल सुथार, नरेंद्र व्यास सहित समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समिति ने श्रद्धालुओं से 18 नवंबर को आयोजित शिलापूजन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। प्राचीन गोदावरी शिव मंदिर के जीर्णोद्धार से जुड़े इस आयोजन में शिलापूजन, यज्ञ, संतों के आशीर्वचन और महाप्रसाद प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

Tags: