तस्वीर में खेरवाड़ा के बाजार में हर घर तिरंगा अभियान के तहत हाथों में तिरंगा लिए और गले में तिरंगा पट्टिका डाले भाजपा कार्यकर्ता और लोग रैली निकालते हुए नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा के समस्त मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक नानालाल अहारी के निर्देशन में आयोजित यात्रा में विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों के नेतृत्व में प्रत्येक गांव से बड़ी संख्या में युवा एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ डाक बंगला परिसर खेरवाड़ा से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर सैकड़ों कार्यकर्ता एवं युवा यात्रा में शामिल हुए। डाक बंगला परिसर से शुरू हुई यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान पूरा खेरवाड़ा राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय, जय हिंद और जय भारत के जयघोष से कस्बा गूंजता रहा। कस्बे के विभिन्न स्थानों पर तिरंगा कलर के स्वागत द्वार लगाए गए। तिरंगा रैली में शामिल देशभक्तों का कस्बावासियों ने पुष्पवृष्टि कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अल सुबह से ही भाजपा खेरवाड़ा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता के नेतृत्व में सक्रिय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। गुरुवार प्रातः 10:00 बजे कनबई मंडल की रैली पाटिया से विभिन्न गांवों से होते हुए मंडल अध्यक्ष नवीन रावल एवं महामंत्री गट्टू लाल बारोट एवं बच्चू लाल खराड़ी के नेतृत्व में रवाना हुई।

वहीं नयागांव मंडल की रैली प्रातः 10:00 बजे डेरी बस स्टैंड से अध्यक्ष दुर्गा भगोरा एवं महामंत्री मुकेश गामोठ के नेतृत्व में रूट के विभिन्न गांवों से होते हुए आगे बढ़ी। बावलवाड़ा मंडल की रैली अध्यक्ष वाल सिंह एवं महामंत्री भावेश उपाध्याय के नेतृत्व में मगरा से रवाना होकर विभिन्न गांवों से होते हुए खेरवाड़ा डाक बंगला परिसर पहुंची।

यात्रा में युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। भव्य तिरंगा यात्रा का समापन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरवाड़ा के खेल मैदान में हुआ। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की आन-बान-शान तिरंगे के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

तिरंगा यात्रा में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों एवं गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं देशभक्तों की सहभागिता रही। आयोजन से पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के निर्देशन एवं नेतृत्व में पूरे मार्ग के दौरान पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।

Tags: