खेरवाड़ा में निजी स्कूल वाहनों की विशेष जांच की मांग, नियम विरुद्ध वाहनों पर कार्रवाई का आग्रह
खेरवाड़ा में निजी स्कूल वाहनों की विशेष जांच की मांग उठी है। गौतम लाल पटेल ने परिवहन अधिकारियों से फिटनेस, परमिट, बीमा समेत दस्तावेजों की जांच और नियम विरुद्ध वाहनों पर कार्रवाई का आग्रह किया है।
खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में निजी विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों के परिवहन के लिए संचालित स्कूल वाहनों की विशेष जांच करवाने और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के ब्लॉक अध्यक्ष गौतम लाल पटेल ने इस संबंध में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी, उदयपुर को ई-मेल के माध्यम से पत्र प्रेषित किया है।
पटेल ने पत्र में बताया कि क्षेत्र के कई निजी विद्यालय विद्यार्थियों के परिवहन के लिए स्कूल वाहन संचालित कर रहे हैं। इनमें से कुछ वाहनों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज एवं परिवहन नियमों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
उन्होंने परिवहन विभाग से निजी विद्यालयों के सभी स्कूल वाहनों की विशेष जांच करवाने की मांग की है। जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, पंजीकरण प्रमाण-पत्र और चालकों के वैध लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने का आग्रह किया गया है। साथ ही स्कूल वाहन चालकों का नियमित रूप से नशामुक्ति परीक्षण करवाना सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
पटेल ने पत्र में उल्लेख किया कि क्षेत्र में निजी विद्यालयों के वाहनों से संबंधित दुर्घटनाएं पूर्व में भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों एवं राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल वैध दस्तावेज और निर्धारित नियमों की पूर्ति करने वाले वाहनों का ही संचालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने परिवहन अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।