एनसीसी गोविन्दपुरा की तिरंगा रैली का चारभुजानाथ मंदिर में भव्य स्वागत
मावली के गोविन्दपुरा में हर घर तिरंगा अभियान के तहत एनसीसी की तिरंगा रैली निकाली गई। चारभुजानाथ मंदिर पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया और देशभक्ति के साथ सहभागिता निभाई।
तस्वीर में मावली तहसील के गोविन्दपुरा गांव में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई रैली के दौरान हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामे ग्रामीण और एनसीसी कैडेट नजर आ रहे हैं।
मावली तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोलवाडा में स्थित राउमावि गोविन्दपुरा की एनसीसी इकाई की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा रैली का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। रैली का शुभारंभ प्रधानाचार्य श्रीमान् प्रभुलाल टांक ने स्थानीय विद्यालय परिसर में स्थित मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण और तिरंगा लहराकर किया।
देशभक्ति गीतों की स्वरलहरी के साथ तिरंगा रैली गांव की गलियों से गुजरते हुए चारभुजानाथ मंदिर प्रांगण पहुंची। यहां गोविन्दपुरा (गोलवाडा) की समग्र जनशक्ति ने 2 राज आर एण्ड वी रेजिमेन्ट एनसीसी नवानिया के हवलदार डारसिंग लेक्थे द्वारा थामे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे पर पुष्पवर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया।
गांव के बुजुर्गों और मातृशक्ति ने तिरंगा लहराकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थियों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान पूरे आयोजन में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
प्रधानाचार्य प्रभुलाल टांक ने भगवान चारभुजानाथ के श्रीचरणों में माल्यार्पण कर देश की रक्षा में लगे जवानों की दीर्घायु की प्रार्थना की। विद्यालय की ओर से आयोजित तिरंगा रैली के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट एवं समस्त विद्यार्थियों ने तन-मन-धन से सहयोग किया।
उक्त जानकारी विद्यालय के एनसीसी अधिकारी ऋतुराज सिंह राव ने प्रदान की।