खेरोदा पंचायत चुनाव में सरगर्मियां तेज, सरपंच पद अनारक्षित होने से बढ़ी युवाओं की दावेदारी
खेरोदा ग्राम पंचायत में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। सरपंच पद अनारक्षित होने से युवाओं समेत कई दावेदार सक्रिय हैं। चौपालों पर चुनावी समीकरणों की चर्चा और सोशल मीडिया पर डिजिटल प्रचार जोर पकड़ रहा है।
खेरोदा ग्राम पंचायत में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरपंच और वार्डपंच पदों के लिए चुनावी बिगुल बजने के साथ ही गांव में चुनावी चर्चाओं और तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। इस बार खेरोदा पंचायत में सरपंच पद अनारक्षित (सामान्य) घोषित होने से चुनावी मैदान सभी दावेदारों के लिए खुला नजर आ रहा है।
सरपंच पद की सीट अनारक्षित घोषित होने के बाद कई अनुभवी जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण युवाओं ने भी अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है। इसके चलते इस बार चुनाव में कड़ा और बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। युवाओं में चुनाव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
गांव के चौक-चौराहों, नुक्कड़ों, पान की दुकानों और चाय की टपरियों पर सुबह से देर रात तक चुनावी समीकरणों और संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीण चौपालों पर संभावित प्रत्याशियों के पुराने कामकाज, सक्रियता, छवि और गांव के विकास को लेकर उनके विजन का आकलन किया जा रहा है। युवा वर्ग बदलाव और पंचायत के चहुंमुखी विकास के एजेंडे को लेकर अपनी बात रख रहा है, जबकि वरिष्ठ ग्रामीण अनुभव और सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता देने की बात कह रहे हैं।
चुनाव प्रचार में भी इस बार आधुनिक तरीका देखने को मिल रहा है। दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाने के साथ संभावित प्रत्याशी डिजिटल प्रचार पर भी जोर दे रहे हैं। आकर्षक ग्राफिक्स और स्थानीय मुद्दों को शामिल करते हुए डिजिटल पोस्टर, शॉर्ट वीडियो और नारों के जरिए सोशल मीडिया मंचों व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा रही है। युवा दावेदार घर-घर जनसंपर्क के साथ व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए भी वोटरों से सीधे संवाद में जुटे हैं।
चुनावी गतिविधियों के बीच हर वार्ड और मोहल्ले में खेमेबंदी का दौर भी शुरू हो गया है। संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ चुनावी रणनीति तैयार करने और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयास में जुटे हैं। सरपंच पद अनारक्षित होने से कई नए चेहरों को भी चुनाव मैदान में उतरने का अवसर मिला है।
आने वाले दिनों में नामांकन और अंतिम प्रत्याशियों के तय होने के साथ खेरोदा पंचायत में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी। फिलहाल अनारक्षित सरपंच पद ने दावेदारों की सक्रियता बढ़ा दी है और गांव में चुनावी गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं।