जैन पत्रकार महासंघ का चंद्रगिरि डोंगरगढ़ दौरा, आचार्य श्री की समाधि स्थल पर किए दर्शन
जैन पत्रकार महासंघ के यात्रा दल ने डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरि महातीर्थ में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की समाधि स्थल के दर्शन किए। अभिषेक, शांतिधारा के बाद आचार्य श्री के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
तस्वीर में जैन पत्रकार महासंघ का यात्रा दल छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरि महातीर्थ क्षेत्र में सम्मान समारोह के दौरान नजर आ रहा है।
राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन रायपुर-2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद जैन पत्रकार महासंघ का यात्रा दल परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की समाधि स्थल दिगंबर जैन चंद्रगिरि महातीर्थ क्षेत्र, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ पहुंचा। दल ने आचार्य श्री के चरणों का अभिषेक, शांतिधारा और शांति विधान के अर्घ्य समर्पित किए। महासंघ ने आचार्य श्री के राष्ट्रीय कार्यों और उपकारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का संकल्प लिया।
यात्रा दल का नेतृत्व जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, जयपुर ने किया। महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य संयोजक द्वय श्री प्रकाश मोदी, पारस चैनल, भाटापारा एवं दैनिक विश्व परिवार समाचार पत्र के प्रधान संपादक श्री प्रदीप जैन, रायपुर के संयोजन में यात्रा दल को अग्रसेन धाम, रायपुर से डोंगरगढ़ के लिए रवाना किया गया।
चंद्रगिरि डोंगरगढ़ पहुंचने पर क्षेत्र के अध्यक्ष सेठ श्री किशोर जैन, महामंत्री श्री निर्मल जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने यात्रा दल में शामिल पत्रकारों का स्वागत किया। परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की धर्म प्रभावक शिष्या परम पूज्य आर्यिका श्री शैलमती माता जी, उदर मती माताजी ससंघ सानिध्य एवं जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन महावीर, सनावद के निर्देशन में आचार्य श्री के चरणों का अभिषेक किया गया। इसके बाद शांतिधारा एवं शांति विधान के अर्घ्य समर्पित किए गए। संगीत के साथ आचार्य श्री की पूजन एवं सामूहिक भक्ति की गई।
महातीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष श्री किशोर जैन ने पत्रकारों को आचार्य श्री के प्रवास के दौरान उनके कक्ष, सभा स्थल, विभिन्न चर्या स्थल, संल्लेखना कक्ष एवं समाधि स्थल के दर्शन कराए। पत्रकारों ने निर्माणाधीन पहाड़ी पर जैन मंदिर एवं समाधि स्थल का अवलोकन किया। इसके साथ ही प्रतिभास्थली एवं गौशाला का भी अवलोकन किया।
सम्मान सभा में क्षेत्र के अध्यक्ष श्री किशोर जैन ने महातीर्थ पर स्थित जैन मंदिर, आचार्य श्री के निर्माणाधीन समाधि स्थल एवं गुरु मंदिर तथा आचार्य श्री से जुड़े अनेक संस्मरण सुनाए। जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन महावीर, सनावद ने आचार्य श्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए गए अनेक उपकारों का उल्लेख करते हुए उनके संस्मरण सुनाए।
राजेंद्र जैन महावीर ने कहा कि संपूर्ण राष्ट्र एवं विश्व पर आचार्य श्री के अनेक उपकार हैं। उन्होंने इंडिया को भारत बोलने, हिंसा के स्थान पर अहिंसा और शांति का संदेश देने, शिक्षा नीति में बदलाव के दिशा-निर्देश देने, हथकरघा को प्रोत्साहन देने तथा गौशालाओं को बढ़ावा देने सहित अनेक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह सदी आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नाम से जानी जाएगी।
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, जयपुर ने कहा कि आचार्य श्री द्वारा किए गए राष्ट्रीय कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भी परम पूज्य आचार्य श्री की वर्गणाएं मौजूद हैं। उन्होंने ट्रस्ट कमेटी से निवेदन किया कि देशभर के जैन पत्रकारों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन समाधि स्थल चंद्रगिरि, डोंगरगढ़ में आयोजित किया जाए।
इस अवसर पर प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, श्रेयांश कुमार जैन, सेठ भरत जैन घुवारा आदि वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। ट्रस्ट कमेटी की ओर से उपस्थित सभी पत्रकारों का प्रतीक चिन्ह, माला एवं तिलक लगाकर सम्मान किया गया।
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि जैन पत्रकार महासंघ राष्ट्र स्तर पर जैन संस्कृति के संरक्षण एवं पत्रकारों के हित में कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि जैन संस्कृति के संरक्षण तथा आचार्य श्री के उपकारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पत्रकार अपनी कलम का उपयोग करें। उन्होंने राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन एवं चंद्रगिरि तीर्थ क्षेत्र में पहुंचे सभी पत्रकारों तथा क्षेत्र कमेटी के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा दल में रमेश जैन तिजारिया, राजेन्द्र जैन महावीर, उदयभान जैन, महेंद्र बैराठी, सुरेंद्र प्रकाश जैन, सुरेंद्र जैन बडजात्या, मनोज जैन सोगानी, राजेंद्रजैन सागर, डॉ कल्पना जैन नोएडा, भरत सेठ घुवारा, श्रेयांश कुमार जैन, तपेश जैन रायपुर, डॉ मनीष जैन उदयपुर, जीवनलाल जैन नागदा, राजकुमार जैन, रोहित जैन पथरिया, जैनेंद्र जैन सिंघई, नीरज वैद्यराज सागर, सुधीर जैन विद्यार्थी दमोह आदि पत्रकार उपस्थित थे। अंत में ट्रस्ट के महामंत्री निर्मल जैन ने सभी पत्रकारों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि 2023 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं चंद्रगिरि पहुंचकर आचार्य श्री से वृहद चर्चा कर राष्ट्रीय मुद्दों पर परामर्श लिया था। चंद्रगिरि महातीर्थ क्षेत्र में जैन पत्रकार महासंघ के यात्रा दल के इस दौरे में आचार्य श्री की स्मृतियों, उनके कार्यों और राष्ट्रीय स्तर पर किए गए उपकारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को प्रमुखता दी गई।