टोंक में पहली बार अंडर-17 राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता, 41 जिले लेंगे भाग
मदरलैंड चिल्ड्रन एकेडमी के संयोजन में 1 से 7 अक्टूबर तक होने वाले इस आयोजन में प्रदेश भर से 656 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
तस्वीर में तीन पुरुष सआदत पैवेलियन मैदान पर समतल करने वाले ट्रैक्टर के पास खड़े हैं।
टोंक शहर में पहली बार राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक 70वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक/उच्च माध्यमिक विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता (छात्र वर्ग) अंडर-17 हॉकी का आयोजन मदरलैंड चिल्ड्रन एकेडमी सीनियर सैकंडरी स्कूल के संयोजन में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 41 जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें कुल 656 खिलाड़ी भाग लेंगे।
मदरलैंड के निदेशक कमलेश सिंगोदिया ने बताया कि राष्ट्रीय खेल हॉकी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन टोंक शहर में पहली बार किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं और सफल संचालन को लेकर विभागीय समिति का गठन किया गया है। समिति में संयोजक रमेश चन्द विजय, सह संयोजक किशन लाल कुम्हार, दशरथ लाल कुमावत (प्राचार्य), हिमांशु सोगाणी (वरिष्ठ व्याख्याता) तथा सदस्य प्रहलाद दास मधुकर, राजीव वर्मा (उप प्राचार्य), सुधीर सक्सेना (व्याख्याता), श्योजी लाल बैरवा (व्या. शा. शि.) एवं सुरेश बुन्देल (वरिष्ठ अध्यापक) शामिल हैं।
प्रतियोगिता के लिए मैदान प्रभारी सैयद शाहीन अफरोज (प्राचार्य) को नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में जिले के 32 शारीरिक शिक्षक कोठी नातमाम एवं सआदत पैवेलियन ग्राउण्ड को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में जुटे हुए हैं।
मैदानी तैयारियों में राउमावि डारडातुर्की के शारीरिक शिक्षक रतन लाल जाट का अहम योगदान बताया जा रहा है। वे स्वयं ट्रैक्टर चलाकर मैदानों को समतल करने में जुटे हुए हैं। 1 से 7 अक्टूबर तक होने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टोंक में खेल मैदानों की तैयारियों से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक विभागीय स्तर पर काम जारी है।