ईद मिलादुन्नबी पर अकबर खान ने सजाई महफिल-ए-मिलाद, धन्ना तलाई में खीर-पूड़ी का लंगर
टोंक में ईद मिलादुन्नबी पर अकबर खान ने महफिल-ए-मिलाद आयोजित की और धन्ना तलाई चौराहे पर आमजन के लिए खीर-पूड़ी का लंगर लगाया।
टोंक के धन्ना तलाई चौराहे पर ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित लंगर में खीर-पूड़ी ग्रहण करते आमजन और राहगीर।
टोंक में ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर धन्ना तलाई चौराहे पर रेल लाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं कांग्रेस कमेटी टोंक के जिला महासचिव अकबर खान की ओर से महफिल-ए-मिलाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की और प्रदेश में अमन-चैन, टोंक में खुशहाली तथा आपसी भाईचारा कायम रहने की दुआ की।
महफिल की शुरुआत हुजूर-ए-पाक सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में तिलावत-ए-कुरान से हुई। इसके बाद कारी इज्जत अली टोंकी एवं उनकी टीम ने सुरीली आवाज में नात-ए-पाक पेश की। महफिल में मौजूद लोगों ने देर रात तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान अकबर खान की ओर से तबर्रुक भी वितरित किया गया।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शुक्रवार सुबह से धन्ना तलाई चौराहे पर आमजन के लिए खीर-पूड़ी के लंगर का आयोजन किया गया। लंगर में आने-जाने वाले राहगीरों के साथ बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों ने खीर-पूड़ी ग्रहण की।
इस अवसर पर अकबर खान ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का संदेश प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का है। उन्होंने टोंक सहित पूरे राजस्थान में अमन-चैन, खुशहाली और हिंदू-मुस्लिम एकता कायम रहने की कामना की। महफिल-ए-मिलाद और लंगर के आयोजन के माध्यम से ईद मिलादुन्नबी का संदेश आमजन तक पहुंचा।