शिक्षा विभाग के फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी प्रतिबंध के विरोध में पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन
टोंक में शिक्षा विभाग के विद्यालयों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध के विरोध में आईएफडब्ल्यूजे पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपकर आदेश निरस्त करने की मांग की।
तस्वीर में टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपते हुए इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) के जिला पदाधिकारी और पत्रकार नजर आ रहे हैं।
टोंक में राजस्थान शिक्षा विभाग के विद्यालयों में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी पर लगाए गए प्रतिबंध के विरोध में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) जिला टोंक ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की।
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स जिला शाखा टोंक के जिलाध्यक्ष प्रेम रघुवंशी के नेतृत्व में पत्रकारों ने दिए ज्ञापन में बताया कि राजस्थान सरकार एवं शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा क्लास रूम अथवा विद्यालय भवन की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने को प्रतिबंधित करते हुए संस्था प्रधान की अनुमति अनिवार्य की है।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार समाज इस आदेश को प्रेस की स्वतंत्रता, जनहित में पत्रकारिता तथा जनता के सूचना के अधिकार के लिए गंभीर रूप से चिंताजनक मानता है। पत्रकार सरकार विरोधी नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच लोकतांत्रिक सेतु का काम करता है।
पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार एवं लोकतंत्र विरोधी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाना चाहिए। पत्रकार जगत ने शिक्षा विभाग के आदेश को वापस लेने की मांग की है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मनोज तिवारी, विनोद शर्मा, जलालुद्दीन खान, राहुल राजवंशी, भूपेंद्र सिंह सोलंकी, नासिर खान, रोहित वर्मा, वजाहत अख्तर, समीर खान, कमलेश महावर, मो. असलम खान, हासिम खान, महावीर बैरवा, मोईन हिना, दौलत पारीक, केशव राज सेन एवं सुरेन्द्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।