अजमेर मंडल में 10 अगस्त को मेगा प्रशिक्षण कैंप, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के मानार्थ पास होंगे ऑनलाइन
अजमेर मंडल में 10 अगस्त को 14 यूनिट में मेगा कैंप होगा। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मानार्थ पास खाते एचआरएमएस से शुरू किए जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाले मानार्थ पास की प्रक्रिया को ऑनलाइन प्लेटफार्म एचआरएमएस के माध्यम से शुरू करने की नई पहल की जा रही है। इसके तहत 10 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अजमेर मंडल की 14 यूनिट में मेगा प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस मेगा कैंप में अजमेर मंडल की प्रशिक्षित टीम द्वारा पास लिपिकों को एचआरएमएस के माध्यम से मानार्थ पास जारी करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पास खाते तत्काल प्रभाव से शुरू किए जा सकेंगे।
मेगा कैंप का आयोजन डीआरएम ऑफिस अजमेर, एसएस अजमेर, एसएस ब्यावर, एईएन मुख्यालय/अजमेर, सीएमएस अजमेर, आईओडब्ल्यू मारवाड़ जंक्शन, एईएन मारवाड़ जंक्शन, एसएस आबू रोड, एईएन आबू रोड, डीजल शेड आबू रोड, सीसीआर आबू रोड, एसएस नसीराबाद और पीडब्ल्यूआई नसीराबाद में किया जाएगा।
इस संबंध में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने पीपीओ, पहचान पत्र, पासपोर्ट फोटो तथा आश्रितों के दस्तावेजों के साथ संबंधित स्थान पर उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। एचआरएमएस के माध्यम से मानार्थ पास की प्रक्रिया शुरू होने से अजमेर मंडल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पास खातों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत तत्काल शुरू किया जा सकेगा।