बौंली के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में तालुका विधिक समिति के तत्वावधान में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर के दौरान विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देते पैनल अधिवक्ता व अधिकारी।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तालुका विधिक समिति बौंली के तत्वावधान में 6 अक्टूबर 2026 को लाल बहादुर शास्त्री स्कूल बौंली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। तालुका अध्यक्ष विकास नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में राष्ट्रीय लोक अदालत, नि:शुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह, प्रारंभिक गर्भावस्था के दुष्प्रभावों, साइबर अपराध तथा मध्यस्थता अभियान 3.0 सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी दी गई।

शिविर में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर 2026 के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। तालुका अध्यक्ष विकास नेहरा ने नि:शुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह, प्रारंभिक गर्भावस्था के दुष्प्रभावों, साइबर अपराध तथा मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत पारिवारिक मामलों में समझाइश के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

पैनल अधिवक्ता अनिल कुमार शर्मा, गणपत लाल गुर्जर और मोहम्मद जाहिद शिर्वानी तथा अधिकार मित्र बामचंद भदोरिया एवं देवनारायण गुर्जर ने नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही पीड़ित प्रतिकर योजना, नि:शुल्क विधिक सहायता और मध्यस्थता कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य नंदकिशोर सैनी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से लक्ष्मी नारायण गुर्जर, तालुका सचिव गणपत सैनी, शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। शिविर में कानूनी सहायता और विभिन्न विधिक योजनाओं से जुड़े विषयों की जानकारी देकर विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को जागरूक किया गया।

Tags: