हिण्डौन सिटी में महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर का विमोचन करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ और अग्रवाल समाज के पदाधिकारी।

हिण्डौन सिटी में महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल समाज हिण्डौन सिटी द्वारा स्वर्गीय अशोक कुमार आर्य की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर हिण्डौन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ ने कहा कि रक्तदाता जीवनदाता होता है और मानव जीवन की रक्षार्थ किसी जरूरतमंद को रक्त उपलब्ध कराना सबसे पुनीत कार्य है। उन्होंने शिविर में अधिकाधिक लोगों से रक्तदान करने का आह्वान किया और भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया।

शिविर संयोजक मोहित मित्तल ने बताया कि विगत वर्षों की भांति अग्रसेन जयंती के अवसर पर 9 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक हिण्डौन के अग्रसेन कॉलेज परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नियमित रक्तदाताओं के साथ नए रक्तदाताओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु समाज के लोगों द्वारा सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्लाइड, बैनर और संपर्क के माध्यम से भी लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया जा रहा है।

अग्रवाल समाज के महामंत्री लक्ष्मण गोयनका ने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अग्रसेन कॉलेज परिसर में छात्राओं की सेमिनार आयोजित की गई। सेमिनार को संबोधित करते हुए जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशीष शर्मा ने कहा कि रक्तदान करना स्वास्थ्यवर्धक है और नियमित रक्तदान करने से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने कहा, "रक्त का कोई विकल्प नहीं है।" किसी भी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध हो, इसके लिए रक्तदान शिविर ही विकल्प है।

डॉ. आशीष शर्मा ने सेमिनार में बताया कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन 48 किलो से अधिक और आयु 18 वर्ष से अधिक हो, रक्तदान कर सकता है। सेमिनार को भारत विकास परिषद् शाखा हिण्डौन सिटी के सलाहकार सदस्य अशोक गर्ग ने भी संबोधित किया। उन्होंने छात्राओं से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रक्तदान शिविर में सहयोग करने का अनुरोध किया।

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सतेन्द्र खरैटा ने बताया कि "जरूरत पर रक्त उपलब्ध हो" के लक्ष्य को लेकर अग्रवाल समाज द्वारा कई वर्षों से रक्तदान प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर और क्षेत्र के लोगों में रक्तदान शिविरों में रक्तदान के प्रति भावनात्मकता के साथ खासा जोश और उत्साह रहता है। लोग पत्नी और बच्चों सहित सपरिवार रक्तदान करने के लिए तत्पर रहते हैं। परिणामस्वरूप हिण्डौन सिटी समूचे राजस्थान में रक्त संग्रहण के लिए सर्वोच्च स्तर पर है। उन्होंने शिविर में नियमित और नए रक्तदाताओं से स्वप्रेरित होकर रक्तदान करने का आग्रह किया।

अग्रसेन कॉलेज अध्यक्ष रवींद्र जैतवाल ने बताया कि अग्रवाल समाज के अनेक युवा रक्तदान शिविरों में स्वप्रेरणा से रक्तदान करने के साथ रक्तदाताओं को व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में रचनात्मक सहयोग देते हैं, जो अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं को शिविर स्थल पर आवश्यक और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर विमोचन और सेमिनार में अनुराग आर्य, नरेश रामपुरा, दीनदयाल सिंघल, रविकांत मित्तल, राजकुमार गोयल, सुभाष गुप्ता आदि सदस्य सम्मिलित हुए। अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला यह शिविर नियमित और नए रक्तदाताओं की भागीदारी के साथ जरूरतमंदों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

Tags: