सवाई माधोपुर के कॉलेज में मतदाता जागरूकता खेल प्रतियोगिता
| दौड़, खो-खो और म्यूजिकल चेयर के जरिए छात्राओं को नियम पालन, टीमवर्क और मतदान के कर्तव्य का संदेश दिया गया।
सवाई माधोपुर कन्या महाविद्यालय में शनिवार को ईएलसी के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद संकाय और छात्राएं।
सवाई माधोपुर के राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार, 21 नवम्बर को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘मतदान का दें पैगाम, एक बार खेल-कूद लोकतंत्र के नाम’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने खेल गतिविधियों के माध्यम से मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर छात्राओं के लिए दौड़, खो-खो और म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दौड़ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी गति और शारीरिक दक्षता का परिचय दिया। खो-खो प्रतियोगिता के दौरान टीम भावना, आपसी सहयोग, रणनीति और खेल कौशल देखने को मिला। वहीं, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में मनोरंजन और उत्साह का माहौल बनाया।
प्रतियोगिताओं के दौरान खेल और लोकतंत्र के बीच समानताओं को भी रेखांकित किया गया। छात्राओं को बताया गया कि खेल के माध्यम से नियमों का पालन, दूसरों के अधिकारों का सम्मान, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और सामूहिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण मूल्य विकसित होते हैं। यही मूल्य एक स्वस्थ और सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार हैं।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की सफलता केवल चुनाव आयोजित होने से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि प्रत्येक योग्य मतदाता की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य भी है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस प्रकार खेल के मैदान में जीत हासिल करने के लिए अनुशासन, एकता, धैर्य और टीम भावना जरूरी होती है, उसी प्रकार लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए जागरूकता, सहभागिता और जिम्मेदारी का भाव आवश्यक है।
उन्होंने छात्राओं से स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एमएसबी नोडल अधिकारी डॉ. सफ सिद्दकी ने किया। उन्होंने छात्राओं को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए रचनात्मक और सहभागितापूर्ण गतिविधियां अत्यंत उपयोगी हैं। खेल-कूद के माध्यम से मतदान का संदेश छात्राओं तक सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में ‘हमारा मतदान, हमारा अधिकार, लोकतंत्र की मजबूती का आधार’ संकल्प दोहराया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में मुस्कान खत्री एवं मोनिका मीना प्रथम स्थान पर रहीं। इस अवसर पर संकाय सदस्य राहुल भार्गव एवं हिमांशु गर्ग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: 21 पीआरओ 2 एवं 3 मतदाता जागरूकता अभियान के तहत खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन।