सवाई माधोपुर: 'बड़नगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा' का हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर निकली यात्रा का पाली बॉर्डर पर स्वागत; पौधारोपण, स्वच्छता सम्मान और गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित।
तस्वीर में सवाई माधोपुर में बाइक रैली के दौरान नारेबाजी करते भाजपा कार्यकर्ता दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रारंभ हुई “बड़नगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा” के प्रवेश के साथ ही विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। 28 सितंबर 2026 को यात्रा के पाली बॉर्डर पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर एवं खंडार विधायक जितेन्द्र गोठवाल के नेतृत्व में जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
भाजपा जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि यात्रा जिला प्रभारी हर्ष शर्मा एवं यात्रा जिला संयोजक मुरली गौतम के संयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ी। बहरावंडा एवं छाण में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और उत्साह में पटाखे फोड़कर अभिनंदन किया।
इसके बाद यात्रा जैतपुर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची, जहां पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया गया तथा सेवा यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेडिकल चेकअप सेवा भी उपलब्ध कराई गई। यात्रा के दौरान झोंझेश्वर महादेव मंदिर, लहसोड़़ा में देव दर्शन किए गए। इस अवसर पर संतों का सम्मान करते हुए श्रीफल भेंट किया गया और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
शाम को सेवा संकल्प यात्रा के सवाई माधोपुर मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा शहर मंडल एवं बजरिया मंडल के कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। सैनी समाज के युवा पार्षद श्री राजेश सैनी ने भी पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। पूरे यात्रा मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन में यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। यात्रा के माध्यम से सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक संवाद एवं जनसेवा का संदेश दिया गया।
युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मुरली गौतम ने बताया कि यात्रा का रात्रि विश्राम होटल सिद्धि विनायक रिसॉर्ट रणथंभौर रोड पर हुआ, जहां रात्रि में जिला प्रभारी हर्ष शर्मा ने सेवा यात्रियों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए।
प्रातःकाल सेवा यात्रियों ने स्वच्छता कर्मियों के पैर धोकर उन्हें शॉल ओढ़ाई और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। इसके बाद यात्रा विश्राम स्थल से रवाना होकर कुस्तला गौशाला पहुंची। मध्य में बम्बोरी चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कुस्तला गौशाला में खंडार विधायक जितेन्द्र गोठवाल ने सभी सेवा यात्रियों को त्रिनेत्र गणेश का मुमेंटो भेंट किया। इसके बाद यात्रा दूसरे जिले के लिए रवाना हो गई।
इस दौरान जिला महामंत्री बाबूलाल मीणा, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़, हरिओम गर्ग, जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा, खंडार प्रधान नरेन्द्र चौधरी, खंडार विधानसभा प्रवासी राजकुमार मीणा, मंडल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र मित्तल, मनराज गुर्जर, योगेश गर्ग, घमंडीलाल मीणा, अरविंद सैनी, कुणाल सोयल, चेतन शर्मा, अजय गौतम, गोविंद शर्मा, विशाल सीठा आदि उपस्थित रहे।