आंगनबाड़ी केंद्र पर आशा सहयोगिनियों को सम्मानित करते और प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए महिलाएं।

सवाई माधोपुर, 28 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न राजकीय चिकित्सा संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हुए कार्यक्रमों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य समुदाय को स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं से जोड़ने के साथ आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना था।

कार्यक्रमों में आशा सहयोगिनियों के नाम मुख्यमंत्री का संदेश सुनाया गया। उन्हें मुख्यमंत्री का संदेश पत्र एवं पौधे वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल, संस्थागत प्रसव तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण की जानकारी दी गई। बच्चों की वृद्धि निगरानी, उचित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों को लेकर भी परिवारों को जागरूक किया गया।

जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं एवं परिवारों को स्तनपान, छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद पूरक आहार शुरू करने, स्वच्छता तथा संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई।

डॉ. अनिल जेमिनी ने कहा कि आशा सहयोगिनियां समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं और संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित गतिविधियों में आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला पर्यवेक्षकों, विभागीय कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण और मातृ-शिशु देखभाल से जुड़े संदेशों के साथ आशा सहयोगिनियों के योगदान को भी सम्मान मिला।

Tags: