श्री राजपूत सभा महूकलां की नई कार्यकारिणी गठित, गजराज सिंह राजावत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए
श्री राजपूत सभा महूकलां की बैठक में नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। ठा.सा. श्री गजराज सिंह राजावत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। अन्य पदाधिकारियों और संरक्षक मंडल के सदस्यों की भी घोषणा की गई।
तस्वीर में श्री राजपूत सभा महूकलां की बैठक के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजराज सिंह राजावत और समाज के अन्य सदस्य नजर आ रहे हैं।
श्री राजपूत सभा महूकलां की नवीन कार्यकारिणी का गठन रविवार को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से किया गया। वर्तमान अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद हुई बैठक में ठा.सा. श्री गजराज सिंह जी राजावत (छाबा) को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
बैठक की शुरुआत गणेश जी और मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद बैठक में उपस्थित सभी सरदारों ने समाज की एकता, सामाजिक समरसता, संगठन को मजबूती देने और समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर विचार-विमर्श किया।
निर्वतमान अध्यक्ष श्री शिम्भू सिंह जादौन ने अपने कार्यकाल के दौरान समाज की ओर से मिले जन सहयोग के लिए सभी सरदारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जाने-अनजाने में हुई किसी भी गलती के लिए क्षमा मांगी। कार्यकाल समाप्त होने के साथ कार्यकारिणी स्वतः भंग होने पर उन्होंने नवीन कार्यकारिणी के गठन का अनुरोध किया।
नवीन कार्यकारिणी का गठन समाज के वरिष्ठजन एवं निर्वाचन अधिकारी श्री कीर्तन चंद जी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष श्री इंदर सिंह नरूका, उपाध्यक्ष श्री मूल सिंह जी (छाबा), जितेन्द्र सिंह (जीतू बना) और राजेश सिंह जी अध्यापक की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।
चुनाव समिति के अध्यक्ष श्री कीर्तन चंद जी जादौन ने समाज में पूर्व से चली आ रही परंपरा के अनुसार ठा.सा. श्री गजराज सिंह जी राजावत के नाम का अध्यक्ष पद के लिए प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से ठा.सा. श्री गजराज सिंह जी राजावत को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
इसके साथ ही श्री भंवर सिंह जादौन को महामंत्री, श्री मूल सिंह जादौन (छाबा) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, श्री महावीर सिंह जी को उपाध्यक्ष, श्री जितेन्द्र सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष, श्री विक्रम पाल जी जादौन को सचिव, श्री बिजेंद्र सिंह जी कुंसाय को संगठन मंत्री, कुलदीप सिंह जादौन को कार्यालय मंत्री और श्री अविनाश कुमार पुंढीर को प्रवक्ता चुना गया।
सरक्षक मंडल में ठा.सा. श्री कीर्तन चंद जी जादौन, ठा.सा. श्री दिनेश सिंह जी चंदेल, ठा.सा. श्री इंदर सिंह नरूका, ठा.सा. श्री रामदयाल सिंह राजावत और ठा.सा. श्री हरिसिंह जादौन को शामिल किया गया।
अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए गए ठा.सा. श्री गजराज सिंह जी राजावत ने कहा कि समाज के सभी सरदारों ने उन्हें जो जिम्मेदारी प्रदान की है, वह उसका दिल से आदर करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी को उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। समाज की एकता, सामाजिक समरसता, संगठन को मजबूती देना और समाज का सर्वांगीण विकास उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने समाज की एकता पर जोर देने की आवश्यकता बताई।
बैठक में बताया गया कि आगामी बैठक में रिक्त रह गए पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही नवीन कार्यकारिणी के सभी सरदारों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।