भारतीय किसान संघ आयोजित करेगा अखिल भारतीय महिला किसान सम्मेलन
संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली देशभर की महिला किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
तस्वीर में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी दिल्ली स्थित किसान शक्ति कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए।
नई दिल्ली, 28 सितंबर 2026। भारतीय किसान संघ की ओर से अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन 30 सितंबर 2026, बुधवार को इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जाएगा। सम्मेलन सुबह 9ः00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें देश भर के सभी राज्यों की महिला किसान कार्यकर्ता सम्मिलित होंगी। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चयनित महिला किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ ने बताया कि देश भर के 60 हजार से अधिक गांवों में उसकी ग्राम समितियां गठित हैं। इनमें 42 लाख से अधिक महिला व पुरुष किसान कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य के तौर पर कार्य कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, इनमें लगभग 7 लाख महिला किसान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी है। भारत में बोआई, रोपाई, कटाई, खरपतवार नियंत्रण और पशुपालन जैसे 60 से 80 प्रतिशत कृषि कार्य महिलाएं ही संभालती हैं। इस आधार पर भारतीय किसान संघ ने महिला किसानों को कृषि की वास्तविक संचालक व रीढ़ बताया है।
महिला किसान पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक कृषि ज्ञान, देशी बीजों के संरक्षण और जैव विविधता को बचाए रखने में अहम भूमिका निभा रही हैं। गौ कृषि वाणिज्यम की संकल्पना को मूर्तरूप देने, रसायनमुक्त अन्न के लिए "गौ आधारित जैविक खेती व प्राकृतिक खेती" को धरातल पर उतारने तथा परिवार और समाज के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में भी महिलाओं की अग्रणी भूमिका बताई गई है।
कृषि, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण हस्तशिल्प के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि अब कृषि प्रबंधन और निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
भारतीय किसान संघ के अनुसार, वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किया गया है। भारत में महिला किसानों की प्रतिष्ठा को समाज में किसान के रूप में स्थापित कराने और कृषि कार्य की चुनौतियों को उजागर करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान गौ कृषि वाणिज्यम्, जैविक खेती, बीज संरक्षण, पशुपालन, रोजगार और खाद्य प्रसंस्करण श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली देश भर से चयनित महिला किसानों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से महिला किसान कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।