सवाई माधोपुर में सेवा संकल्प यात्रा आज: भाजयुमो ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
वाराणसी से शुरू हुई यात्रा का पाली ब्रिज पर स्वागत होगा; खंडार विधायक की अगुवाई में ग्राम चौपाल और पौधारोपण के कार्यक्रम रखे गए हैं।
सवाई माधोपुर भाजपा कार्यालय में बैठक करते युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी से बड़नगर के लिए रवाना हुई सेवा संकल्प यात्रा 26 सितंबर को सवाई माधोपुर-श्योपुर सीमा स्थित पाली ब्रिज से जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा के स्वागत एवं अभिनंदन को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने तैयारियां तेज करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं यात्रा के जिला संयोजक मुरली गौतम ने बताया कि यात्रा के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 25 सितंबर को भाजपा जिला कार्यालय, सवाई माधोपुर में युवा मोर्चा जिला प्रभारी हर्ष शर्मा ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी।
यात्रा जिला प्रभारी हर्ष शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा की पाली ब्रिज पर खंडार विधायक जितेन्द्र गोठवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में अगुवाई की जाएगी। इसके बाद चंबल घड़ियाल में पौधारोपण होगा। यात्रा बहरावंडा और छाण होते हुए जैतपुर पहुंचेगी, जहां यात्रा का ठहराव होगा और ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद सेवा संकल्प यात्रा जोझेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां देव दर्शन किए जाएंगे। शाम को यात्रा जिला मुख्यालय पहुंचेगी, जहां भाजपा शहर और बजरिया मंडल की ओर से पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का अभिनंदन किया जाएगा।
तैयारी बैठक में छाण मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र मित्तल, जिला उपाध्यक्ष मुरली गौतम, राजकुमार मीणा, अरविंद सैनी, कुणाल सामरिया, अजय गौतम, विशाल शर्मा और गोविंद शर्मा उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प यात्रा के जिले में प्रवेश से लेकर जिला मुख्यालय पहुंचने तक के कार्यक्रमों को लेकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपे जाने के साथ स्वागत एवं अभिनंदन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।