सवाई माधोपुर: सर्व पितृ अमावस्या पर गायत्री शक्तिपीठ में होगा तर्पण
गायत्री परिवार द्वारा आयोजित सामूहिक तर्पण से सनातनी बंधुओं को पूर्वजों की तृप्ति, आशीर्वाद और पुण्य लाभ प्राप्त होगा।
सवाई माधोपुर (वरिष्ठ प्रतिनिधि नृसिंह लाल नामा)। अखिल विश्व गायत्री परिवार की आवश्यक बैठक गायत्री शक्तिपीठ परिसर में आयोजित हुई, जिसमें श्राद्ध पक्ष एवं सर्व पितृ अमावस्या पर होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सर्व पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ की ओर से समस्त सनातनी बंधुओं के लिए सामूहिक तर्पण संस्कार का आयोजन किया जाएगा।
गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने बताया कि सर्व पितृ अमावस्या 10 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से गायत्री शक्तिपीठ, कलेक्ट्री के पीछे, मान टाउन, सवाई माधोपुर में सामूहिक तर्पण संस्कार होगा। सनातन धर्म में श्राद्ध पक्ष का विशेष आध्यात्मिक महत्व माना गया है। यह समय पूज्य पूर्वजों एवं पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने तथा उनके प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि कुल के समस्त पितरों की तुष्टि, पुष्टि, तृप्ति तथा उनकी दिव्य कृपा और आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
यदि कोई श्रद्धालु श्राद्ध पक्ष की किसी विशेष तिथि पर गायत्री शक्तिपीठ अथवा अपने निवास स्थान पर तर्पण संस्कार संपन्न कराना चाहते हैं, तो वे आयोजन से 2 दिन पूर्व शक्तिपीठ प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उपस्थित गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने जिले के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की कि वे सपरिवार एवं समय पर उपस्थित होकर इस पावन संस्कार में सम्मिलित हों और पुण्य लाभ प्राप्त करें।