सवाई माधोपुर के कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय युवा महोत्सव के दौरान एक छात्रा को टी-शर्ट भेंट करते शिक्षक।

सवाई माधोपुर, 24 सितंबर। आचार्य नानेश शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय कुस्तला सवाई माधोपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, युवा कार्यक्रम विभाग, नई दिल्ली की ओर से ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और नए विचारों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉक्टर निधि जैन ने बताया कि राजस्थान को स्वर्ण पश्चिम क्षेत्र में शामिल किया गया है, जिसमें गुजरात, राजस्थान तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव शामिल हैं। विकसित भारत चैलेंज ट्रैक की थीम ‘विनिर्माण, उद्यमिता और हरित विकास’ रखी गई है।

जिला युवा अधिकारी हर्षित खण्डेलवाल ने बताया कि इस ट्रैक के तहत प्रथम चरण में विकसित भारत क्विज़ का आयोजन 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर किया जा रहा है। द्वितीय चरण में प्रथम चरण में चयनित प्रतिभागियों के लिए विकसित भारत निबंध का आयोजन 5 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर किया जाएगा।

तृतीय चरण में जिला स्तर पर पीपीटी राउंड आयोजित होगा। इसमें द्वितीय चरण के निबंधों में से जिले के टॉप 50 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। यह चरण 10 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। प्रत्येक जिले से शीर्ष दो प्रस्तुतकर्ताओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण में राज्य स्तरीय विकसित भारत चैंपियनशिप में चयनित प्रतिभागी 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक व्यक्तिगत प्रस्तुति देंगे। पंचम चरण में चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में विकसित भारत चैंपियनशिप में सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ निधि जैन व निदेशक श्री मुकेश जैन ने सभी छात्राध्यापिकाओं को भाग लेने तथा अपने आसपास 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर विनिर्माण, उद्यमिता और हरित विकास के क्षेत्र में अपने विचार, प्रतिभा एवं नवाचार प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

इस आयोजन के जरिए युवाओं के लिए जिला स्तर से राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, विचार एवं नवाचार प्रस्तुत करने के अवसर निर्धारित किए गए हैं।

Tags: