गंगापुर सिटी। विवाह योग्य जैन युवक-युवतियों और उनके परिवारों को योग्य जीवनसाथी के चयन का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की ओर से अंतरराष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन 27 दिसंबर 2026, रविवार को इंदौर में किया जाएगा। सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। पंजीयन शुल्क मात्र 900 रुपये रखा गया है।

दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या ने बताया कि दीपावली एवं भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के बाद समाज के युवक-युवतियों के सुखद भविष्य को ध्यान में रखते हुए फेडरेशन की ओर से यह पहल की जा रही है। उन्होंने सभी जैन बंधुओं से अपील की है कि जिन परिवारों में विवाह योग्य बेटे या बेटियां हैं, वे समय रहते उनका पंजीयन कराएं।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर पंजीयन कराने से परिवारों को उपलब्ध बायोडाटा देखने, संबंधित जानकारियों का सत्यापन करने और योग्य रिश्तों पर विचार करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। पंजीयन के बाद अभिभावक घर बैठे वेबसाइट पर युवक-युवतियों के बायोडाटा देख सकेंगे। इसमें प्रोफेशन, उम्र, जन्म तिथि और शिक्षा सहित विभिन्न जानकारियों के आधार पर योग्य रिश्तों का चयन किया जा सकेगा।

सम्मेलन के लिए ऑनलाइन फॉर्म रजिस्ट्रेशन, ऑफलाइन पीडीएफ फॉर्म डाउनलोड और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पंजीयन शुल्क 900 रुपये निर्धारित किया गया है। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 है, जबकि परिचय सम्मेलन 27 दिसंबर 2026 को इंदौर में आयोजित होगा।

फेडरेशन का पता 63, महावीर ट्रस्ट, रीगल चौराहा, कीर्ति स्तम्भ, इंदौर (मध्य प्रदेश) है। आयोजकों ने समाज के लोगों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भरने की अपील की है। साथ ही, फॉर्म जमा करने के बाद स्क्रीन पर प्रदर्शित होने वाले रजिस्ट्रेशन नंबर को सुरक्षित रूप से नोट करने की सलाह दी है।

यह जानकारी नरेंद्र जैन नृपत्या, अध्यक्ष, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी निदेशक, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन, इंदौर/गंगापुर सिटी की ओर से दी गई।

Tags: