सवाई माधोपुर: नाबालिग से दुष्कर्म का 67 वर्षीय आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
| महिला थाना पुलिस की विशेष टीम ने आसूचना संकलन और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा, मामले में आगे का अनुसंधान जारी।
सवाई माधोपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में महिला थाना पुलिस ने आरोपी छीतर गुर्जर को गिरफ्तार किया।
सवाई माधोपुर में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 67 वर्षीय आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छीतर पुत्र गौरीलाल उर्फ भौरीलाल गुर्जर के रूप में हुई है। वह गुर्जर मोहल्ला, नीम चौकी, शहर सवाई माधोपुर का निवासी है और कोतवाली थाना क्षेत्र से संबंधित है। पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को 15 वर्षीय नाबालिग बालिका अपने चाचा के घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन पकड़ लिया और अपने बाड़े में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही महिला थाने में तत्काल प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर रवाना की गई। टीम ने आसूचना संकलन और स्थानीय स्रोतों की मदद से संभावित ठिकानों पर त्वरित दबिश दी और प्रकरण में संलिप्त आरोपी छीतर को पकड़ लिया। पुलिस ने पूछताछ और प्रारंभिक तफ्तीश के बाद घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं पुलिस महानिरीक्षक, भरतपुर रेंज, भरतपुर की ओर से अपराध नियंत्रण तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों में वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए जारी दिशा-निर्देशों की पालना में की गई।
पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (SIUCAW) श्री सतीश वर्मा (RPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर श्रीमती नेहा अग्रवाल (RPS) के सुपरविजन में यह कार्रवाई हुई। महिला थाना थानाधिकारी रुक्मणी पु.नि. के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी छीतर पुत्र गौरीलाल उर्फ भौरीलाल गुर्जर, उम्र 67 वर्ष, निवासी गुर्जर मोहल्ला, नीम चौकी, शहर सवाई माधोपुर, पुलिस थाना कोतवाली, जिला सवाई माधोपुर है। पुलिस उससे प्रकरण के संबंध में पूछताछ और आगे का अनुसंधान कर रही है। अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में महिला थाना थानाधिकारी श्रीमती रुक्मणी पु.नि., सउनि श्री राकेश शर्मा, सउनि श्री बबलूराम, एचसी श्री आशाराम (391), एचसी श्री बाबूलाल (348) और कांस्टेबल श्री गिर्राज (1164) शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, एचसी श्री आशाराम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
नाबालिग बालिका से जुड़े इस गंभीर अपराध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।