सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को चार पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान संपन्न हुआ। बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर और खण्डार में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चारों क्षेत्रों में कुल 59.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ। सभी मतदान क्षेत्रों में मतदाताओं ने निडर और भयमुक्त होकर मतदान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के अनुसार, सवाई माधोपुर जिला परिषद के 16 और चार पंचायत समितियों के कुल 82 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान जिले के कुल 4 लाख 25 हजार 153 मतदाताओं में से 2 लाख 54 हजार 197 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह जिले में कुल 59.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान प्रतिशत के मामले में पंचायत समिति खण्डार सबसे आगे रही। यहां कुल 1 लाख 18 हजार 911 मतदाताओं में से 75 हजार 412 मतदाताओं ने मतदान किया। खण्डार में 63.42 प्रतिशत मतदान हुआ।

पंचायत समिति मलारना डूंगर में कुल 74 हजार 936 मतदाताओं में से 44 हजार 191 मतदाताओं ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 59.40 रहा। वहीं, पंचायत समिति बामनवास में 1 लाख 32 हजार 274 मतदाताओं में से 76 हजार 559 मतदाताओं ने मतदान किया और यहां 57.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

पंचायत समिति बौंली में कुल 99 हजार 572 मतदाताओं में से 58 हजार 35 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 58.28 रहा।

इस प्रकार तृतीय चरण के मतदान में चारों पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 2 लाख 54 हजार 197 मतदाताओं ने वोट डालकर जिला परिषद के 16 और पंचायत समितियों के 82 सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Tags: