सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिले की चार पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद के 16 वार्डों और पंचायत समितियों के कुल 82 वार्डों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि तृतीय चरण से संबंधित चारों पंचायत समिति क्षेत्रों में बुधवार, 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके अगले दिन गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा।

मतदान संपन्न होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना कराई जाएगी। वहीं, शुक्रवार, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहूनगर परिसर में होगी। इस प्रकार तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों का मतदान पूरा होने के बाद अब 5 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के चुनाव पर नजर रहेगी।

Tags: