करौली के डीएम अक्षय गोदारा और एसपी लोकेश सोनवाल सुरक्षा अधिकारियों के साथ मतदान केंद्र परिसर में निरीक्षण करते हुए।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत करौली जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अक्षय गोदारा और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं की सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ और श्रीमहावीरजी पंचायत समिति क्षेत्र के अंतर्गत कटकड, पटौदा, श्रीमहावीरजी, सनेट, मोठियापुरा, खरेटा, कोटरी, पालनपुर एवं खेड़ा जमालपुर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के संचालन के साथ मतदाताओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी मतदान कार्मिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतदान के दौरान सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने पर जोर दिया।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।

Tags: