सवाई माधोपुर जिले में पंचायती राज चुनाव-2026 के मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा पंच-सरपंच पदों के लिए निर्धारित मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही सरकारी, अर्द्ध सरकारी, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। आदेशों की अवहेलना करने वाले नियोजकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम एवं समय-सारणी में संशोधन के अनुसार सवाई माधोपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसके तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवम्बर तथा पंच-सरपंच पदों के लिए 16 नवम्बर को मतदान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दोनों मतदान तिथियों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के प्रावधानों के तहत भी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा, जिससे मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। यदि किसी क्षेत्र में पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो वहां पुनर्मतदान की निर्धारित तिथि को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कार्मिकों को सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। इसमें आकस्मिक कामगार भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य सभी कर्मचारियों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे कार्मिक, जो संबंधित पंचायती राज निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन रोजगार के सिलसिले में अपने निर्वाचन क्षेत्र से अलग किसी अन्य स्थान पर कार्यरत हैं, उन्हें भी नियमानुसार मतदान तिथियों पर सवैतनिक अवकाश देय होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने चेतावनी दी कि यदि कोई नियोजक इन प्रावधानों की अवहेलना करते हुए मतदान के दिन कर्मचारी को मताधिकार का उपयोग करने के लिए अवकाश प्रदान नहीं करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को तथ्यात्मक विवरण सहित शिकायत से अवगत कराया जा सकता है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं नियोजकों से चुनाव आयोग के निर्देशों और जारी आदेशों की पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि सवाई माधोपुर जिले में निर्धारित मतदान तिथियों पर सभी पात्र मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Tags: