सरकारी इमारत सवाई माधोपुर जिले में आयोजित पशुपालन जागरूकता अभियान के संदर्भ में प्रदर्शित है।

सवाई माधोपुर। पर्यावरण संरक्षण और पशुधन के सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए सवाई माधोपुर जिले के गांवों में पशुपालन विभाग की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। भारत सरकार की पहल और ब्रिक्स की अध्यक्षता के अंतर्गत 1 से 7 नवंबर तक आयोजित ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफ स्टाइल वीक’ के तहत जिले में 275 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 2544 अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पशुपालकों ने भाग लिया।

संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न गांवों में पशुपालकों को पर्यावरण अनुकूल पशुपालन पद्धतियां अपनाने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें पशुओं के गोबर एवं जैविक अपशिष्ट का उचित प्रबंधन कर जैविक खाद और बायोगैस तैयार करने के तरीके बताए गए। इसके साथ ही जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, पशुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा संतुलित पशु आहार एवं चारा प्रबंधन की जानकारी भी दी गई।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया, ताकि ग्रामीण स्तर पर पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और पशुधन के सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इसके लिए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफ स्टाइल वीक के तहत आयोजित इन जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से जिले में पशुपालकों और ग्रामीणों को टिकाऊ पशुपालन पद्धतियों, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Tags: