सवाई माधोपुर में पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई) और रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (आरपीएलआई) के उपभोक्ताओं को नवंबर में अस्थायी रूप से सेवाओं की बंदी का सामना करना पड़ेगा। भारतीय डाक विभाग ने नए इंश्योरेंस मैनेजमेंट सॉल्यूशन (आईएमएस) सॉफ्टवेयर के रोलआउट के चलते 15 से 25 नवंबर 2026 तक इन दोनों बीमा सेवाओं को बंद रखने का निर्णय लिया है।

इस दौरान बीमा प्रीमियम जमा कराने सहित बीमा से जुड़े अन्य कार्य नहीं हो सकेंगे। डाक विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी पॉलिसियों का निर्धारित प्रीमियम 15 नवंबर से पहले ही जमा करवा लें, ताकि सेवाएं बंद रहने की अवधि में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। विभाग के अनुसार, 26 नवंबर 2026 से प्रीमियम जमा करने की सुविधा फिर से शुरू हो जाएगी।

डाक विभाग द्वारा पीएलआई एवं आरपीएलआई सेवाओं को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नया इंश्योरेंस मैनेजमेंट सॉल्यूशन (आईएमएस) सॉफ्टवेयर लागू किया जा रहा है। इसी तकनीकी अपग्रेडेशन की प्रक्रिया के कारण बीमा सेवाओं को निर्धारित अवधि के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।

डाक अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस तकनीकी बदलाव का असर केवल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस सेवाओं पर पड़ेगा। डाक वितरण, डाक बुकिंग, बचत बैंक, पासपोर्ट सेवा सहित डाक विभाग की अन्य सभी सेवाएं पहले की तरह सुचारू रूप से संचालित होती रहेंगी।

डाक अधीक्षक नरेश कुमार, सहायक डाक अधीक्षक धर्मसिंह मीना तथा विकास अधिकारी राजेंद्र मीणा के निर्देशानुसार आमजन को इस बदलाव की जानकारी दी गई है। साथ ही उपभोक्ताओं से समय रहते अपने आवश्यक बीमा संबंधी कार्य पूरे करने की अपील की गई है।

Tags: