सवाई माधोपुर के पांच बांधों से रबी सिंचाई जल वितरण व्यवस्था पर अहम बैठक
रबी फसल 2026-27 के लिए मानसरोवर, मोरासागर, ढील, सूरवाल और मोरेल बांध से किसानों को सुव्यवस्थित पानी उपलब्ध कराने की तिथियां व कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
रबी फसल 2026-27 की सिंचाई के लिए सवाई माधोपुर जिले के पांच बांधों से किसानों को जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था निर्धारित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत 13 नवंबर को जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जल वितरण समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें सिंचाई जल वितरण की तिथियां और निर्धारित कार्यक्रम तय किया जाएगा।
जिला कलक्ट्रेट सभागार में दोपहर 1 बजे आयोजित होने वाली बैठकों में मानसरोवर, मोरासागर, ढील एवं सूरवाल बांधों से रबी फसल की सिंचाई के लिए जल वितरण व्यवस्था पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य किसानों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुव्यवस्थित तरीके से सिंचाई जल उपलब्ध कराना है।
जल संसाधन खंड सवाई माधोपुर के अधिशाषी अभियंता अरुण शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान खण्डार तहसील के मानसरोवर बांध, बामनवास तहसील के मोरासागर बांध, बौंली तहसील के ढील बांध तथा सवाई माधोपुर तहसील के सूरवाल बांध से सिंचाई के लिए जल वितरण की तिथि निर्धारित की जाएगी। उन्होंने संबंधित जल वितरण समितियों के सदस्यों, अधिकारियों एवं किसानों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है।
वहीं, मोरेल बांध के सिंचित क्षेत्र में रबी फसल की सिंचाई के लिए भी जल वितरण कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। इस संबंध में 13 नवंबर को प्रातः 11 बजे जिला कलक्ट्रेट सभागार में अलग से बैठक आयोजित होगी।
इन बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जल उपभोक्ता संगम के अध्यक्ष एवं सदस्य शामिल होंगे। उनकी सहभागिता से बांधों से सिंचाई जल वितरण की व्यवस्था तय की जाएगी, ताकि रबी फसल 2026-27 के लिए किसानों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप पानी उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा सके।