नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर सवाई माधोपुर जिले में आरक्षण निर्धारण और श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू होगी। नगरीय निकायों के वार्डों के अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला आरक्षण के लिए 17 अगस्त को लॉटरी निकाली जाएगी, जबकि पंचायतीराज संस्थाओं में सरपंच और वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण की प्रक्रिया 18 अगस्त को संबंधित उपखंड स्तर पर पूरी की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार चुनाव तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव बुड़ानिया ने बताया कि जिले की नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के आगामी आम चुनाव के लिए वार्डों के अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला आरक्षण का निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन 17 अगस्त को प्रातः 11 बजे कलक्ट्रेट सभागार में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इस बैठक में संबंधित जनप्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

इसी दिन पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव के लिए जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं प्रधान पदों के अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला आरक्षण के निर्धारण हेतु दोपहर 2:30 बजे कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित होगी। इसमें लॉटरी के माध्यम से आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की कार्यवाही की जाएगी।

इसके अतिरिक्त ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के निर्देशानुसार जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 18 अगस्त को संबंधित उपखंड स्तर पर संपन्न होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आरक्षण की कार्यवाही विभिन्न उपखंड मुख्यालयों पर चरणबद्ध रूप से होगी। सवाई माधोपुर, बौंली एवं गंगापुर सिटी में प्रातः 10:30 बजे, चौथ का बरवाड़ा, बामनवास एवं वजीरपुर में दोपहर 12:30 बजे तथा खंडार एवं मलारना डूंगर में दोपहर 2:30 बजे आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया संपादित की जाएगी।

इस प्रकार 17 और 18 अगस्त को होने वाली आरक्षण प्रक्रिया के साथ सवाई माधोपुर जिले में नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण पूरा होगा।

Tags: