तस्वीर में बाजार की सड़क पर लोग तिरंगा लेकर आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। बाईं से दाईं ओर सामने सफेद शर्ट, नीले कुर्ते, हरी शर्ट, सफेद शर्ट और धारीदार शर्ट पहने लोग दिखाई दे रहे हैं।

नाथद्वारा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को उपखण्ड अधिकारी कार्यालय एवं नगर पालिका नाथद्वारा के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 8:00 बजे भव्य तिरंगा रैली एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रैली में नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षकगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य कार्मिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

तिरंगा रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को आमजन तक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका नाथद्वारा के समस्त स्थायी एवं अस्थायी/ठेका कर्मियों तथा अन्य कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस की मिठाई वितरित की गई। नगर पालिका द्वारा पहली बार इस प्रकार सामूहिक रूप से कार्मिकों के बीच मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं। कार्मिकों ने इस पहल के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (SBM) के अंतर्गत बीपीएल परिवारों को कचरे के उचित पृथक्करण एवं निस्तारण के लिए चार अलग-अलग प्रकार के डस्टबिन वितरित किए गए। नगर पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल ने नागरिकों को डस्टबिन के अलग-अलग रंगों के अनुसार कचरे को पृथक-पृथक डालने की जानकारी दी। उन्होंने गीले एवं सूखे सहित विभिन्न प्रकार के कचरे का स्रोत स्तर पर ही उचित पृथक्करण करने का आह्वान किया।

आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नाथद्वारा के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित डस्टबिन में अलग-अलग डालने की आदत अपनाकर न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण एवं पुनर्चक्रण को भी प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने आमजन से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ रखने में नगर पालिका का सहयोग करने की अपील की। तिरंगा रैली और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के संदेश के साथ नागरिक सहभागिता और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन पर भी जोर दिया।

Tags: