लायंस क्लब गरिमा ने सच कर दिखाई ‘सपनों की उड़ान’, मेधावी बेटियों ने भरी पहली उड़ान
गंगापुर सिटी की आठ मेधावी बेटियों ने ‘सपनों की उड़ान’ के तहत पहली बार हवाई यात्रा की। लायंस क्लब गरिमा की पहल में छात्राओं ने दिल्ली से जयपुर तक एयर इंडिया की उड़ान भरी और यादगार अनुभव साझा किया।
तस्वीर में गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर “सपनों की उड़ान” बैनर के साथ मेधावी छात्राएं, लायंस क्लब के पदाधिकारी और शिक्षक नजर आ रहे हैं।
लायंस क्लब गंगापुर सिटी गरिमा के सेवा प्रकल्प “सपनों की उड़ान” के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्याण जी गेट, गंगापुर सिटी की सत्र 2025–26 की बारहवीं कक्षा की आठ मेधावी छात्राओं ने अपने जीवन की पहली हवाई यात्रा की। बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली इन छात्राओं को दिल्ली से जयपुर तक एयर इंडिया की हवाई यात्रा करवाई गई।
पिछले तीन वर्षों से संचालित इस महत्वाकांक्षी सेवा प्रकल्प के संयोजक PMJF लायन डॉ. आशीष कुमार शर्मा एवं लायन हिना गौतम के संरक्षण में छात्राओं को 12 अगस्त की शाम गंगापुर सिटी से सोगरिया ट्रेन द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया। रेलवे स्टेशन पर क्लब अध्यक्ष लायन ओम अग्रवाल, सचिव वीरेंद्र आर्य, पूर्व अध्यक्ष लायन कृष्ण कुमार गोयल, लायन मनीष सागवान, लायन चेतन अग्रवाल, लायन मनीष गोयल (SR), लायन क्षमा सिंघल, लायन मनीषा गोयल, विद्यालय के व्याख्याता राजेंद्र मीणा, भगवान सहाय माली, कविता रुंडला तथा छात्राओं के अभिभावकों ने तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद सभी छात्राओं को मेट्रो ट्रेन के माध्यम से दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल–2 ले जाया गया। यहां से एयर इंडिया की उड़ान से जयपुर पहुंचकर बेटियों ने पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव किया।
संयोजक PMJF लायन डॉ. आशीष कुमार शर्मा एवं लायन हिना गौतम ने कहा, “सपनों की उड़ान केवल एक हवाई यात्रा नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने वाला सामाजिक अभियान है।” इस पहल की दिल्ली एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम तथा सहयात्रियों ने भी सराहना की।
यात्रा में सानिया कटारिया, नीतू सैनी, कोमल सैनी, शिमला सैनी, पायल सैनी, प्रिया सैनी, कोमल सैनी एवं दीपिका सैनी शामिल रहीं। छात्राओं ने बादलों के ऊपर उड़ते हुए टेकऑफ और लैंडिंग के मनोहारी दृश्यों का भरपूर आनंद लिया और इसे अपने जीवन का सबसे यादगार अनुभव बताया।
जयपुर एयरपोर्ट पर लायंस क्लब जयपुर बनीपार्क के लायन लीडर्स ने छात्राओं एवं संयोजक दम्पत्ति का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन MJF लायन पंकज मंगलम, प्रांतीय LCIF कॉर्डिनेटर PMJF लायन नरेंद्र चांगिया, पूर्व जोन चेयरपर्सन MJF लायन दिनेश सिंघल (CA) एवं क्लब अध्यक्ष लायन रेणु सिंघल (CA) सहित अनेक लायन सदस्य मौजूद रहे। सभी छात्राओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया और उन्हें अल्पाहार कराया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए शिक्षा, संस्कार और सेवा के ऐसे प्रेरणादायी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
लायंस क्लब गरिमा का “सपनों की उड़ान” सेवा प्रकल्प गंगापुर सिटी की बेटियों के लिए केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ उनके सपनों को नई दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत बन चुका है।