तस्वीर में दिव्यांग सेवा केंद्र, गंगापुर सिटी में विश्व विजेता राहुल शर्मा और सक्षम टीम के सदस्य एक फ्रेम पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी के लिए गौरव का विषय बने विश्व विजेता राहुल शर्मा का सक्षम टीम की ओर से दिव्यांग सेवा केंद्र पर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। सर्बिया के नोवी साद में चल रहे वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026 में राहुल शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्टैंडर्ड (SH1) इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।

जिलाध्यक्ष सुधा गुप्ता ने बताया कि नसिया कॉलोनी निवासी श्री गोपाल शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक अर्जित कर गंगापुर सिटी का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर सक्षम टीम ने हर्ष व्यक्त करते हुए राहुल शर्मा, उनके माता-पिता एवं परिवारजनों का दिव्यांग सेवा केंद्र पर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत महिला प्रकोष्ठ प्रभारी एवं राजस्थान संयोजिका डॉ. सरिता बंसल, दिव्यांग सेवा केंद्र प्रभारी कृष्ण वल्लभ शर्मा, समाज कल्याण विभाग से रविन्द्र जी अग्रवाल, राहुल जी शर्मा एवं उनके परिवारजनों तथा सक्षम टीम की मौजूदगी में भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

इस अवसर पर जिला प्रमुख कुशलाखूंटेटा एवं योग व क्रीड़ा प्रभारी अंजना रावत ने कहा कि राहुल शर्मा ने अपनी दिव्यांगता को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि हौसलों के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

राहुल शर्मा के माता-पिता ने उनके जीवन में आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बच्चों को उड़ान देने की जरूरत है, पंख तो उनके पास हैं ही। बस उन्हें परखने की आवश्यकता है।

राहुल शर्मा ने भी अपने जीवन में आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अगर हमारे अंदर लगन और लक्ष्य अटल है तो ईश्वर हमें कोच के रूप में ऐसे व्यक्ति को चुनता है, जो लक्ष्य तक पहुंचाने में हमारी मदद करता है और ऐसा उनके कोच ने कर दिखाया। उन्होंने कहा कि पग-पग पर बहुत समस्याएं आती थीं, लेकिन लगन और मेहनत के साथ कोच के मार्गदर्शन से सब कुछ संभव है।

दिव्यांग सेवा केंद्र प्रबंधक बलराम शर्मा ने कहा कि राहुल शर्मा की यह सफलता केवल एक स्वर्ण पदक नहीं, बल्कि प्रत्येक दिव्यांगजन एवं युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश है। उनकी उपलब्धि से यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है।

इस अवसर पर सचिव वर्षा नाटानी एवं कोषाध्यक्ष बबीता जिन्दल ने सक्षम की जानकारी दी। राधा दीक्षित, कौशल्या डंगायच, लक्ष्मी गर्ग, दिव्या गुप्ता, रितिक शर्मा, मुकेश सिंह, रेखसिंह के साथ दिव्यांगजनों ने राहुल शर्मा के उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर राहुल शर्मा की उपलब्धि और सक्षम टीम द्वारा किया गया सम्मान गंगापुर सिटी के लिए गौरव का विषय बना।

Tags: