सिंचाई हेतु पानी छोड़ने के लिए मोरेल डैम की मोरी पर पूजा-अर्चना करते अधिकारी व किसान।

बौंली, बामनवास। दौसा और सवाई माधोपुर जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से फसल सिंचाई के लिए पानी की मांग कर रहे किसानों को देखते हुए मोरेल डैम की पूर्वी नहर और मुख्य नहर को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद खोल दिया गया। नहरों में पानी छोड़े जाने से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।

मोरेल डैम की दोनों नहरें खोलने से पहले दौसा जिले के लालसोट उपखंड के सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता नवल किशोर, सहायक अभियंता सुखलाल मीणा और सवाई माधोपुर जिले के सिंचाई विभाग मलारना डूंगर के सहायक अभियंता दीपक प्रजापत सहित मोरेल डैम के अध्यक्ष कांजी मीणा एवं क्षेत्र के किसानों ने मोरी पर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद पूर्वी नहर और मुख्य नहर से पानी छोड़ा गया।

दोनों नहरों में करीब एक माह तक पानी का प्रवाह जारी रहेगा। इससे दौसा एवं सवाई माधोपुर जिले के अनेक गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। नहरों के संचालन से क्षेत्र के किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई में राहत मिलेगी।

मोरेल डैम की दोनों नहरें खुलने से दो जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि को सिंचाई का पानी मिल सकेगा। किसानों की मांग पर शुरू हुई यह जलापूर्ति आगामी एक माह तक खेती के लिए महत्वपूर्ण रहेगी।

Tags: