सवाई माधोपुर में अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त, चालक पुलिस को देखकर गांव में भागा
सवाई माधोपुर में बनास नदी की अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त हुआ। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, तलाश जारी है।
तस्वीर में कुंडेरा क्षेत्र के पास खड़ा अवैध बजरी से भरा डंपर दिखाई दे रहा है।
सवाई माधोपुर जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुंडेरा थाना पुलिस ने बनास नदी की अवैध बजरी से भरा एक डंपर जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान डंपर चालक पुलिस जाप्ते को देखकर वाहन मौके पर छोड़कर गांव की आबादी में भाग गया। पुलिस ने डंपर चालक और मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
श्रीमान महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज भरतपुर तथा सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर के निर्देशन में, श्री राकेश राजौरा आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर और श्री राजेन्द्र मीना आरपीएस, वृताधिकारी वृत शहर सवाई माधोपुर के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई श्री दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी थाना कुंडेरा के नेतृत्व में श्री भीमसिंह, उप निरीक्षक एवं प्रभारी चौकी गणेश धाम मय गणेश धाम जाप्ता द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि गांव खिलचीपुर से बजरी से भरा एक डंपर सूरवाल की ओर जा रहा है। सूचना पर गणेश धाम चौकी से पुलिस टीम रवाना होकर जनकपुर की ढाणी, खिलचीपुर पहुंची। वहां तिराहे पर एक डंपर सड़क किनारे मिट्टी में फंसा हुआ मिला। डंपर चालक उसे निकालने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस जाप्ते को अपनी ओर आता देखकर चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर गांव की ओर भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक आबादी क्षेत्र में भागने में सफल रहा।
पुलिस ने डंपर की जांच की तो वह टाटा कंपनी का 16 चक्का डंपर मिला। इसकी केबिन का रंग सफेद और बॉडी का रंग नीला था। डंपर की आगे की नंबर प्लेट पर RJ 29 GB 3768 अंकित था। इसका चैसिस नंबर MAT566006R3J23889 और इंजन नंबर B6-7B62300D051 पाया गया।
जांच के दौरान डंपर में बनास नदी की अवैध बजरी भरी मिली। कैबिन की तलाशी लेने पर बजरी का अनुज्ञापत्र यानी रॉयल्टी रसीद भी नहीं मिली। बिना रवन्ना अथवा रॉयल्टी के बनास नदी की बजरी का दोहन किया जाना धारा 303 (3) बीएनएस और 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया और डंपर चालक एवं मालिक के विरुद्ध थाना कुंडेरा में प्रकरण संख्या 164/2026 दर्ज कराया। सड़क किनारे मिट्टी में फंसे डंपर को बड़ी मशक्कत के बाद 2 सितंबर 2026 को वैकल्पिक साधन की मदद से बाहर निकलवाया गया और गणेश धाम चौकी में खड़ा कराया गया।
पुलिस ने डंपर मालिक और चालक की तलाश जारी रखी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, भीमसिंह, उप निरीक्षक एवं प्रभारी चौकी गणेश धाम, धनराज कांस्टेबल 964, सत्यवीर कांस्टेबल 133 और गोविन्द कांस्टेबल 773 शामिल रहे।