सवाई माधोपुर के युवाओं के लिए बड़ा मौका, विकसित भारत क्विज में भागीदारी पर जोर
सवाई माधोपुर में विकसित भारत क्विज के जरिए युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल, जिला कलक्टर ने अधिकतम सहभागिता के निर्देश दिए।
तस्वीर में दिख रही एक बैठक में ग्रामीण लोग एक बड़े पेड़ के नीचे बैठे हैं।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम विभाग ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ का शुभारंभ किया है। इसके प्रथम चरण के रूप में ‘विकसित भारत क्विज’ आयोजित की जा रही है। राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना के अनुरूप उनके विचारों एवं प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाली इस राष्ट्रव्यापी पहल में सवाई माधोपुर जिले से अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन प्रयास कर रहा है।
जिला कलक्टर काना राम ने जिले के शैक्षणिक संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे युवाओं को माय भारत पोर्टल के माध्यम से ‘विकसित भारत क्विज’ में भाग लेने के लिए प्रेरित करें और जिले में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वी.बी.वाई.एल.डी-2027 युवाओं को देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी सोच, नवाचार और विचारों को सामने रखने का व्यापक अवसर प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
माय भारत के निर्देशों के अनुसार ‘विकसित भारत क्विज’ वी.बी.वाई.एल.डी-2027 का पहला चरण है, जो 16 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद कार्यक्रम के निर्धारित आगामी चरणों के माध्यम से प्रतिभागी युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने के अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम का व्यापक उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और ‘विकसित भारत’ के विजन में उनके विचारों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसमें 15 से 29 आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों सहित अन्य युवा एवं शैक्षणिक संस्थानों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और युवाओं को क्विज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। भारत सरकार ने भी वी.बी.वाई.एल.डी-2027 के शुभारंभ और क्विज में अधिकतम युवा सहभागिता के लिए जिला स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार एवं मीडिया कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
माय भारत द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में वी.बी.वाई.एल.डी-2027 के प्रमुख चरणों, पात्रता एवं सहभागिता प्रक्रिया, युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों तथा अन्य आवश्यक जानकारी का व्यापक प्रचार करने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही राज्य एवं जिला स्तर पर सहभागिता लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलक्टर काना राम ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे वी.बी.वाई.एल.डी-2027 से जुड़कर ‘विकसित भारत’ के संकल्प में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने विचारों और प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।