तस्वीर में अधिकारी पौधे को पानी देते हुए बीड़ का टापरा में हैं।

जिला प्रशासन, वन विभाग तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘हरियालो राजस्थान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव गुरुवार को भगवतगढ़ के बीड़ का टापरा में आयोजित किया गया। विशिष्ट शासन सचिव, वित्त एवं जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ‘मां यशोदा’ के नाम से जिलेभर में बरगद, बड़, पीपल एवं बेलपत्र सहित हजारों पौधे लगाए गए।

बीड़ का टापरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार, जिला कलक्टर काना राम सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, महिलाओं, ग्रामीणों एवं वन प्रेमियों ने दो हजार से अधिक पौधे लगाए। सभी ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने एवं परिजनों के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे। उन्होंने पौधारोपण के साथ जल संरक्षण को भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

जिला कलक्टर ने ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को जनआंदोलन बनाने तथा लगाए गए पौधों की ‘हरियालो राजस्थान’ मोबाइल ऐप के माध्यम से जियो-टैगिंग कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

वन महोत्सव के अवसर पर जिले के सभी ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति, विद्यार्थी एवं आमजन शामिल हुए। जिले में एक ही दिन में 20 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अब तक जिले में 20 लाख से अधिक पौधों का पौधारोपण किया जा चुका है।

सार्वजनिक स्थलों, विद्यालय परिसरों, चिकित्सा संस्थानों, पंचायत भवनों एवं राजकीय कार्यालय परिसरों में छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वन महोत्सव के माध्यम से पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उप वन संरक्षक सामाजिक वानिकी सुनील कुमार, उप वन संरक्षक मानस सिंह, उपखण्ड अधिकारी चौथ का बरवाड़ा सीपी वर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, सहायक वन संरक्षक मनीषा शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बीड़ का टापरा में हुए वृहद पौधारोपण सहित जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए ‘हरियालो राजस्थान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण और संरक्षण का संदेश दिया गया।

Tags: