सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने और मतदाताओं को निर्भय, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सतरंगी सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम तथा जिला नोडल स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहित कासनिया के निर्देशानुसार आयोजित अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बजरिया, जिला कलेक्ट्रेट परिसर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट स्टैंड एवं मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर फ्लेक्स लगाए गए।

इन स्थानों पर नागरिकों एवं जागरूक मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग करने और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया कर्मी एवं आमजन ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता की। इस दौरान आगामी 9 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव में मतदान करने का संदेश दिया गया।

जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि सतरंगी सप्ताह के माध्यम से जिले में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों के जरिए विशेष रूप से युवाओं, नए मतदाताओं एवं आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक एवं सूचित मतदान के लिए प्रेरित करना है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आगामी नगरीय निकाय चुनाव में अधिकाधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। इस अवसर पर स्वीप टीम के हुकमचन्द नामा, मनीष कुमार शर्मा, विजेंद्र पाल सिंह आमेरा, सुनील गर्ग एवं चन्द्रप्रकाश शर्मा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Tags: