सवाई माधोपुर के एडीआर सेंटर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव समीक्षा गौतम की अध्यक्षता में हिट एंड रन मामलों के मुआवजे को लेकर आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक।

सवाई माधोपुर, 6 अक्टूबर। हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना 2022 के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को एडीआर सेंटर में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव समीक्षा गौतम ने संबंधित अधिकारियों के साथ मामलों की समीक्षा की।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव समीक्षा गौतम, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल तथा वृताधिकारी यातायात पुलिस धर्मवीर सिंह मौजूद रहे। इस दौरान जिले के पुलिस थानों में गत वर्ष दर्ज हिट एंड रन के मामलों तथा पुलिस थानों से दावा जांच अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलेक्टर) को प्रेषित प्रार्थना पत्रों पर मुआवजा प्रदान करने के संबंध में की गई कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया गया।

सचिव समीक्षा गौतम ने वृताधिकारी यातायात पुलिस धर्मवीर सिंह को जिले के सभी पुलिस थानों में वर्ष 2023 से 2026 तक के शेष रहे हिट एंड रन के सभी प्रकरणों में आवेदन भरवाकर दावा जांच अधिकारी को प्रेषित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दावा जांच अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में हिट एंड रन के शेष प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें दावा जांच अधिकारी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना 2022 की अनुपालना सुनिश्चित हो सके।

फोटो कैप्शन:- 6 पीआरओ 13 जिला स्तरीय समिति की बैठक को सम्बोधित करती जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव समीक्षा गौतम।

Tags: