सवाई माधोपुर जिले में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। तीनों त्योहारों के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने जिले के समस्त उपखण्ड मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।

जिले में 8 नवम्बर को दीपावली, 9 नवम्बर को गोवर्धन पूजा और 11 नवम्बर को भैया दूज का त्योहार मनाया जाएगा। इन अवसरों पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।

जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने सभी नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के माध्यम से संपूर्ण गतिविधियों पर सतर्कता एवं निगरानी रखें। साथ ही सांप्रदायिक सौहार्द, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होने की आशंका होने पर तत्काल सतर्कता बरती जाए और इसकी सूचना जिला मजिस्ट्रेट को दी जाए। त्योहारों के दौरान प्रशासन की यह व्यवस्था जिले में शांति, सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

Tags: