सवाई माधोपुर: कलेक्टर काना राम ने दी दिवाली की शुभकामनाएं, ग्रीन पटाखों की अपील
सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर काना राम ने दीपावली पर स्वदेशी उत्पाद अपनाने, ग्रीन पटाखे चलाने और पंचायत चुनाव में मतदान की अपील की।
सवाई माधोपुर के जिला कलेक्टर काना राम ने जिलेवासियों से सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील की।
सवाई माधोपुर। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज के पर्व को लेकर जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कामना की कि दीपोत्सव का यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
जिला कलक्टर काना राम ने पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के सफल आयोजन पर मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों, निर्वाचन कार्मिकों और पुलिसकर्मियों का आभार जताया। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए आगामी चतुर्थ चरण के मतदान में मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
दीपावली के अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से स्थानीय कलाकारों और कुम्भकारों को प्रोत्साहित करने के लिए उनके द्वारा निर्मित मिट्टी के दीपक खरीदने तथा स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को अपनाकर कारीगरों और कलाकारों को प्रोत्साहन दिया जा सकता है।
जिला कलक्टर ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन पटाखों का उपयोग करने की अपील की। साथ ही प्रशासन एवं न्यायालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने और दीपावली के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
उन्होंने जिलेवासियों से दीपावली का पर्व स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का आग्रह किया। जिला कलक्टर की अपील में त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण की सुरक्षा, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी शामिल रहा।