सवाई माधोपुर: निकाय चुनाव में 53 निर्दलीयों ने बीजेपी को दिया समर्थन
नामांकन वापसी के दिन 72 में से 53 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नाम वापस लेकर भाजपा का समर्थन किया, जिससे पार्टी के चुनावी समीकरण मजबूत हुए हैं।
तस्वीर में सवाई माधोपुर भाजपा कार्यालय में नेता एक-दूसरे को गुलदस्ता भेंट करते हुए।
सवाई माधोपुर। आगामी नगर निकाय चुनावों में नामांकन प्रक्रिया के बाद नाम वापसी के दौरान राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव सामने आया है। भाजपा जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि कुल 145 निर्दलीय प्रत्याशियों में से 72 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इनमें 53 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में नाम वापस लिया, जिससे भाजपा को चुनावी मैदान में महत्वपूर्ण मजबूती मिली है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं निकाय चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत और निकाय संयोजक राजेश गोयल ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा भाजपा के समर्थन में नाम वापस लेना पार्टी की नीतियों, नेतृत्व और संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और आगामी चुनाव में पार्टी की स्थिति और अधिक मजबूत हुई है।
भाजपा पदाधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विजय के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। नामांकन वापसी करने वाले प्रत्याशियों का भाजपा जिला कार्यालय पर निकाय चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत ने गुलदस्ता भेंट कर अभिनन्दन किया।
इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेशचंद जैन, जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मुरली गौतम, बजरिया मंडल मंत्री हरचरण सिंह, बूथ अध्यक्ष भवानी शंकर जांगिड़, रतिभान सिंह आदि उपस्थित रहे। निर्दलीय प्रत्याशियों की नाम वापसी और भाजपा के समर्थन में 53 प्रत्याशियों के मैदान से हटने से नगर निकाय चुनाव में पार्टी के चुनावी समीकरणों को मजबूती मिली है।