सवाई माधोपुर: पंचायत चुनाव को लेकर बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन, एकजुटता का आह्वान
अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कार्यकर्ताओं से सर्वसम्मत प्रत्याशी को जिताने की अपील की और 7 अक्टूबर को निकलने वाली सेवा ज्योति यात्रा की जानकारी दी।
रणथंभौर मैरिज गार्डन के हॉल में कुर्सियों पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता और मंच पर मौजूद नेता।
कार्यकर्ता सम्मेलन में जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने एकजुटता के साथ जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन सर्वसम्मति से जिसे प्रत्याशी बनाया जाए, उसके साथ मिलकर कार्य करना है और उसे विजयश्री दिलानी है।
सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर 2026। पंचायतराज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी सवाई माधोपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन रणथंभौर मैरिज गार्डन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमप्रकाश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं चुनाव के जिला संयोजक सुरेशचंद जैन, डॉ. भरतलाल मथुरिया, बजरंगलाल जाट, जिला महामंत्री जगदीश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष पंडित लालचंद गौतम, सत्यनारायण धाकड़, हरिओम गर्ग, पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मीणा, पूर्व प्रधान मीरा सैनी, सूरज मल बैरवा, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अशोकराज मीणा, मलारना डूंगर मंडल अध्यक्ष श्रीचंद सैनी और कुंडेरा मंडल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल मंचासीन रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलन का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कहा कि जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव एकजुटता के साथ लड़ना है। उन्होंने कहा कि टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन सर्वसम्मति से जिस कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया जाए, उसके साथ मिलकर काम करना है और उसे विजयश्री दिलानी है।
मानसिंह गुर्जर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों और आम जनता के उन पर भरपूर विश्वास के चलते जिले में भाजपा का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में आए नतीजों को पंचायत चुनाव में दोबारा दोहराया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने 7 अक्टूबर को निकलने वाली "सेवा ज्योति यात्रा" के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यकर्ता सम्मेलन को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमप्रकाश शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की अनेक योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा और सड़क को बढ़ावा मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घर-घर नल योजना से प्रत्येक कस्बे में पानी पहुंचा है।
पंचायतराज चुनाव के जिला संयोजक सुरेश जैन ने कहा कि चुनाव का आगाज हो चुका है और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार एक बार फिर गांव में अपनी सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विकास की गंगा बहाई है, उसी के एवज में भाजपा जनता के बीच उतरकर वोट की अपील करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी केबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के विकास कार्यों पर जनता मुहर लगाएगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन का मंच संचालन युवा मोर्चा के मुरली गौतम ने किया। कार्यक्रम के समापन पर टिकट के इच्छुक प्रत्याशियों ने जिलाध्यक्ष को अपना क्रमवार बायोडाटा भी दिया।
इस दौरान जिला मंत्री हरफूल मरमट, जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा, पूर्व सभापति सुनील तिलकर, डॉ. विमला शर्मा, कार्यालय मंत्री मुकेश शर्मा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मुरली गौतम, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष अशोक बैंडवाल, नवनिर्वाचित पार्षद तनवीर अहमद, कन्हैयालाल सैनी, केदार सैनी, सतीश शर्मा, भगवान सैनी, राजेंद्र नरूका सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।