मलारना डूंगर में 'नारी शक्ति वंदन' कार्यक्रम, 14 हजार परिवार राजीविका से जुड़े
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार व आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
तस्वीर में मलारना डूंगर के सभागार में बैठी नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम की महिलाएं।
मलारना डूंगर में शनिवार, 3 अक्टूबर को राजस्थान सरकार एवं राजीविका के तत्वावधान में ‘नारी शक्ति वंदन’ उपखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत समिति मलारना डूंगर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 250 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लखपति दीदियों की भी विशेष सहभागिता रही।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। पंचायत समिति स्तर का कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टू-वे मोड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा रहा।
कार्यक्रम विकास अधिकारी रामकरण की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। ब्लॉक परियोजना प्रबंधक कमल कुमार बैरवा ने व्यवस्थाओं एवं समन्वय की मॉनिटरिंग की। एरिया कॉर्डिनेटर रामावतार माली, एआरपी किरोड़ी लाल सहित राजीविका के ब्लॉक एवं क्लस्टर स्तरीय कार्मिक उपस्थित रहे। तिरंगा सीएलएफ खिरनी, वीर सीएलएफ एवं महात्मा गांधी सीएलएफ से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
ब्लॉक परियोजना प्रबंधक कमल कुमार बैरवा ने बताया कि मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र में अब तक 1,072 स्वयं सहायता समूहों का गठन कर करीब 14 हजार परिवारों को राजीविका की गतिविधियों से जोड़ा गया है। समूहों के माध्यम से महिलाओं को बचत, ऋण, स्वरोजगार एवं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अधिकाधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में लाने के लिए राजीविका के साथ विभिन्न विभागों एवं योजनाओं के कन्वर्जेंस के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की आय बढ़ाने, नए आजीविका अवसर उपलब्ध कराने एवं परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विकास अधिकारी रामकरण ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पंचायत समिति स्तर पर राजीविका के साथ समन्वय कर महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों का लाभ दिलाने के लिए निरंतर सहयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से आत्मनिर्भरता, आर्थिक सशक्तिकरण एवं ‘लखपति दीदी’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।