राजस्थान में सिंगल शिफ्ट स्कूलों का बदला समय, जानें अब कब से लागू होगा नया टाइम
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने समय परिवर्तन की तारीख 1 के स्थान पर 16 अक्टूबर की, 15 अक्टूबर तक पुरानी व्यवस्था रहेगी लागू।
राजस्थान के समस्त एकल पारी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन की तिथि में संशोधन किया गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग, राजस्थान द्वारा जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों के समय में बदलाव अब पूर्व निर्धारित 01 अक्टूबर 2026 के बजाय 16 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा।
जारी निर्देशों के अनुसार 15 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के समस्त एकल पारी विद्यालयों में पूर्व निर्धारित समय व्यवस्था ही यथावत लागू रहेगी। इसके बाद 16 अक्टूबर 2026 से विद्यालयों में नया संचालन समय प्रभावी किया जाएगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सत्र 2026–27 की शेष सभी गतिविधियों का संचालन शिविरा पंचांग के अनुसार ही किया जाएगा। निदेशक, माध्यमिक शिक्षा राजस्थान ललित कुमार ने समस्त संबंधित अधिकारियों एवं संस्था प्रधानों को उक्त आदेश की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीना ने बताया कि संगठन इस संबंध में समय परिवर्तन की तिथि में संशोधन की मांग कर रहा था। संगठन ने बताया कि एकल पारी विद्यालयों के समय परिवर्तन को 16 अक्टूबर 2026 से लागू करने का यह निर्णय विद्यार्थियों के हित में है।
इस संशोधन के साथ 15 अक्टूबर तक प्रदेश के एकल पारी विद्यालयों में पूर्व निर्धारित समय व्यवस्था जारी रहेगी और 16 अक्टूबर 2026 से नया विद्यालय समय लागू होगा। साथ ही सत्र 2026–27 की शेष गतिविधियां शिविरा पंचांग के अनुसार संचालित होंगी।