कमरे में डेस्क के पास खड़े अधिकारी और काउंटर पर पंजीकरण करवाते लोग।

सवाई माधोपुर, 30 सितम्बर। 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17 एवं 19 वर्ष छात्र वर्ग की क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारम्भ गुरुवार, 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे पुलिस लाइन मैदान में होगा। कृषि, उद्यानिकी एवं ग्रामीण विकास आपदा प्रबन्धन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर काना राम करेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी एवं उप सभापति माया गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन सवाई माधोपुर के संयोजन में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता 1 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता को लेकर बुधवार को सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गईं। प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों के दल मंगलवार शाम से ही सवाई माधोपुर पहुंचने लगे थे और बुधवार को भी खिलाड़ियों के पहुंचने का क्रम दिनभर जारी रहा।

प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राउमावि मानटाउन चन्द्र शेखर जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने वाली टीमों को आयोजन स्थल एवं निर्धारित आवास स्थल तक पहुंचाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र बनाया गया है। आयोजन स्थल पर टीमों ने पंजीयन के लिए संभागवार बनाए गए काउंटर पर रजिस्ट्रेशन करवाया। टीमों के लिए निर्धारित आवास स्थलों पर भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा तथा निदेशालय द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं राउमावि आलनपुर प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने प्रदेशभर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवास स्थलों का जायजा लेकर प्रभारियों को आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए।

प्रतियोगिता से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं पूछताछ के लिए चौबीस घंटे कार्य करने वाले कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। यह कंट्रोल रूम प्रतियोगिता के समापन तक कार्य करेगा। प्रतियोगिता के मैच पुलिस लाइन ग्राउंड मैदान, दशहरा मैदान, फतेह पब्लिक स्कूल मैदान एवं सेंट एन्सलम्स स्कूल मैदान में आयोजित होंगे। शारीरिक शिक्षकों की टीम ने कुल पांच ग्राउंड तैयार किए हैं और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भामाशाहों, निजी विद्यालयों एवं संस्थाओं के सहयोग से प्रतियोगिता के सफल आयोजन का संकल्प व्यक्त करते हुए आयोजन संबंधी कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अब 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंची 17 एवं 19 वर्ष छात्र वर्ग की टीमें मैदान में उतरेंगी।

Tags: